ब्यूरो रिपोर्ट मनीष द्विवेदी कौशाम्बी उत्तर प्रदेश
चायल । परिवारों में बढ़ती दूरियों को मिटाने के लिए कभी-कभी एक पहल, थोड़ी बातचीत और आपसी समझ ही काफी होती है। कुछ ऐसी ही तस्वीर शुक्रवार को सराय अकिल थाना परिसर में देखने को मिली। यहां मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत चार परिवारों के बीच चल रहे विवादों के सुलझने पर पुलिस ने दंपतियों को गुलाब भेंट किए और मिठाई खिलाकर उनके रिश्तों में मिठास बनाए रखने का संदेश दिया।
कौशांबी एसपी सत्य नारायण प्रजापत के निर्देश पर सराय अकिल मिशन शक्ति प्रभारी महिला एसआई यशवंती कुमारी की पहल से इन परिवारों की पहले काउंसलिंग कराई गई थी। बातचीत और समझाइश के जरिए दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता कराया गया। शुक्रवार को चारों परिवारों को फीडबैक के लिए थाने बुलाया गया, जहां उन्होंने आपसी सहमति से विवाद खत्म होने की जानकारी दी।

नवरात्रि के छठवें दिन पुलिसकर्मियों ने दंपतियों को गुलाब भेंट कर उनका मुंह मीठा कराया। साथ ही उन्हें वैवाहिक जीवन में आपसी प्रेम, विश्वास और सम्मान बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल विवाद खत्म कराना नहीं, बल्कि परिवारों के बीच बेहतर तालमेल और संवाद कायम रखना भी रहा। मिशन शक्ति के तहत पुलिस की यह पहल बताती है कि पारिवारिक विवादों को सुलझाने में संवाद और काउंसलिंग की अहम भूमिका होती है। समय रहते दोनों पक्षों की बात सुनकर और उन्हें समझाकर रिश्तों में आई दूरियों को कम करने का प्रयास किया जा सकता है। सराय अकिल थाना परिसर में हुई इस पहल के जरिए पुलिस ने परिवारों को आपसी समझ और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस दौरान थाना प्रभारी ज्ञान सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक यशवंती कुमारी, महिला आरक्षी पूजा मौर्य, मनीषा यादव और वंदना कुशवाहा मौजूद रहीं।