मध्य प्रदेश
लोकेशन राजगढ़
दिनांक 2.11.2026
राजगढ़ जिला ब्यूरो चीफ नरेंद्र राजपूत
9 और 8 साल से फरार वारंटियों पर पुलिस का शिकंजा, धार में दबिश देकर दोनों गिरफ्तार
राजगढ़। फरार स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजगढ़ कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 9 वर्ष और 8 वर्ष पुराने दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो स्थाई वारंटियों को जिला धार से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे एवं एसडीओपी भावना दांगी के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस के अनुसार, एक नवंबर को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि वर्ष 2017 के प्रकरण में फरार स्थाई वारंटी घनश्याम पिता रामलाल तंवर तथा वर्ष 2018 के एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में फरार कमल पिता निर्भयसिंह भिलाला जिला धार में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक भंवर सिंह भूरिया, प्रधान आरक्षक मोईन अंसारी और आरक्षक श्याम रघुवंशी की टीम को तत्काल धार रवाना किया गया।
साइबर शाखा से प्राप्त तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने धार जिले में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और दोनों वारंटियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में घनश्याम तंवर, निवासी सुंदरपुरा (राजगढ़), वर्ष 2017 के एक मामले में करीब 9 साल से फरार था, जबकि कमल भिलाला, निवासी टेमरिया (धार), थाना पचोर के वर्ष 2018 के एनडीपीएस एक्ट के मामले में करीब 8 साल से फरार चल रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। जिले में फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, जिससे लंबे समय से कानून से बच रहे आरोपियों पर शिकंजा कसता जा रहा है।