मध्य प्रदेश
लोकेशन राजगढ़
दिनांक 25/10/2026
राजगढ़ जिला ब्यूरो चीफ नरेंद्र राजपूत
राजगढ़। जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम पाटलीकला में घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और डकैती की वारदात के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए पशु और चांदी की नेवरियां बरामद की गई हैं। मामले में पांच अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
दरवाजा तोड़कर घर में घुसे आरोपी, परिवार के साथ की मारपीट
पुलिस के अनुसार, घटना 23 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे की है। ग्राम पाटलीकला निवासी रवि तंवर अपने माता-पिता, बहन और भाभी के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान आरोपियों ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। आरोप है कि सभी ने एकराय होकर परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा घर में जमकर तोड़फोड़ की।
वारदात के दौरान आरोपियों ने फरियादी के कानों में पहनी सोने की बालियां और हाथों में पहने चांदी के कड़े छीन लिए। इतना ही नहीं, घर की छत पर लगी सीमेंट की टीनशेड को भी नुकसान पहुंचाया और सामान बिखेर दिया। फरियादी के मुताबिक, घटना में करीब 70 हजार रुपये की क्षति हुई।
भैंस, बकरी और घोड़ी समेत पशु भी ले गए आरोपी
वारदात को अंजाम देने के दौरान आरोपी घर में बंधे तीन भैंस, दो छोटे पाड़ा, एक पाड़ी, छह बकरी और एक घोड़ी भी अपने साथ ले गए। इसके अलावा अनाज, पानी की मोटर और फरियादी की बहन की संदूक में रखी करीब 250 ग्राम चांदी की दो नेवरियां भी ले जाने की शिकायत दर्ज कराई गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कालीपीठ पुलिस ने अपराध क्रमांक 241/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश, पांच आरोपी गिरफ्तार
मामले में आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साइबर सेल की तकनीकी सहायता के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके बाद 24 अक्टूबर को मिली सूचना के आधार पर दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में बनेसिंह पिता रामप्रसाद तंवर, गुलाब सिंह पिता रामप्रसाद तंवर, बलराम पिता सुरेश बैरागी, रघुनाथ पिता चैनसिंह तंवर और मोहन पिता चैनसिंह तंवर शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम पाटलीकला के निवासी बताए गए हैं।
लूटा गया मशरूका बरामद, पांच अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से 250 ग्राम चांदी की दो नेवरियां, तीन भैंस, दो छोटे पाड़ा, एक पाड़ी, छह बकरी और एक घोड़ी बरामद कर विधिवत जप्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजगढ़ अमित तोलानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन और एसडीओपी राजगढ़ भावना दांगी के नेतृत्व में की गई। थाना प्रभारी कालीपीठ उप निरीक्षक जितेन्द्र अजनारे की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में शेष पांच आरोपियों की तलाश जारी है और प्रकरण की विवेचना की जा रही है।