भदोही में आंधी-तूफान का कहर: 15 लोगों की मौत, प्रशासन ने किया राहत बचाव का कार्य

ब्यूरो रिपोर्ट सूर्य प्रकाश पाण्डेय

तेज तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त: डीएम-एसपी ने प्रभावित गांवों का किया दौरा, राहत-बचाव जारी

भदोही, 13 मई 2026ः–जनपद भदोही में बुधवार सायंकाल लगभग 5:30 बजे आए तेज आंधी-तूफान एवं खराब मौसम के कारण विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई दुःखद घटनाएं घटित हुईं। तेज हवा एवं आंधी के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, बिजली के खंभे मकानों एवं मंदिरों पर गिर पड़े, जिससे जनहानि एवं पशुहानि की घटनाएं सामने आई हैं। अब तक प्राप्त सूचनाओं के अनुसार विभिन्न घटनाओं में कुल 15 लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि 08 लोग घायल हुए हैं। इसके अतिरिक्त 16 पशुओं की मृत्यु की सूचना भी प्राप्त हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की टीमों द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कर दिया गया। सभी प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू अभियान चलाकर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं चिकित्सालयों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल 03 लोगों को बेहतर उपचार हेतु बीएचयू रेफर किया गया है, जहां उन्हें समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों से संपर्क स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण होते ही शासन द्वारा अनुमन्य दैवीय आपदा सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी द्वारा आपदा प्रभावित कुछ गांवों का संयुक्त रूप से दौरा कर मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान रेस्क्यू कार्य में जुटी पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों का उत्साहवर्धन किया गया तथा ग्रामीणों से सतर्क रहने एवं बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की गई। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपदा अथवा दुर्घटना की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस के सीयूजी नंबरों पर दें, जिससे त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। प्रशासन की टीमें लगातार विभिन्न माध्यमों एवं सोशल मीडिया से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई कर राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *