भटवारिया गांव में विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार का आरोप, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

ब्यूरो रिपोर्ट मनीष द्विवेदी 

कौशाम्बी

बिना काम कराए ही सरकारी धन निकालकर बंदरबांट करने का आरोप, स्कूल में इंटरलॉकिंग और हैंडपंप के नाम पर भी उठे सवाल

कौशाम्बी ब्लॉक के भटवारिया गांव में विकास कार्यों को लेकर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। गांव के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव पर बिना कार्य कराए ही सरकारी धनराशि निकालकर बंदरबांट करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई विकास कार्य या तो अधूरे पड़े हैं या फिर कागजों पर ही पूरे दिखाकर सरकारी धनराशि का भुगतान करा लिया गया है।

ग्रामीणों के आरोपों के मुताबिक, सरकारी स्कूल में इंटरलॉकिंग निर्माण के नाम पर बिना काम कराए ही धनराशि निकालने का मामला सामने आया है। वहीं हैंडपंप से संबंधित कार्यों में भी बिना कार्य कराए भुगतान किए जाने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा गांव में कराए गए अन्य विकास कार्यों की गुणवत्ता और भुगतान को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

भ्रष्टाचार के सजरे के साथ लामबंद हुए ग्रामीण

मामले को लेकर ग्रामीण अब खुलकर विरोध में उतर आए हैं। ग्रामीणों ने कथित अनियमितताओं का सजरा तैयार कर विकास कार्यों और सरकारी भुगतान का हिसाब मांगा है। उनका आरोप है कि गांव के विकास के लिए आने वाली सरकारी धनराशि का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है, जिससे ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।

मंत्री से लेकर डीएम और सीडीओ तक पहुंची शिकायत

गांव के शेषनारायण, संजय पाल सहित अन्य ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर जिला पंचायत मंत्री ओमप्रकाश राजभर, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को ऑनलाइन आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शिकायत भेजी है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं स्थलीय जांच कराने तथा सरकारी अभिलेखों और मौके पर हुए कार्यों का मिलान कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने उठाया सवाल, आखिर किसके संरक्षण में निकाली गई धनराशि?

ग्रामीणों की मांग है कि ग्राम पंचायत में कराए गए सभी विकास कार्यों, भुगतान और निर्माण की गुणवत्ता की जांच किसी निष्पक्ष अधिकारी से कराई जाए। यदि जांच में बिना काम कराए भुगतान या सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो ग्राम प्रधान और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सरकारी धनराशि की रिकवरी कराई जाए।

अब देखना यह है कि ग्रामीणों की शिकायत पर जिला प्रशासन कब तक जांच शुरू करता है और भटवारिया गांव में विकास कार्यों के नाम पर कथित अनियमितताओं की सच्चाई कब सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *