मैहर नगरपालिका में बिना भर्ती प्रक्रिया के नियुक्तियों का आरोप

मैहर

ब्यूरो रिपोर्ट रवि चौरसिया 

 

2016 के बाद दैनिक वेतनभोगियों की भर्ती पर रोक के बावजूद काम कराने का दावा, अनुकंपा नियुक्ति के लिए कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

 

 

मैहर। नगर पालिका परिषद मैहर की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। नगरपालिका में बिना निर्धारित भर्ती प्रक्रिया के लोगों से शासकीय कार्य कराए जाने और वर्ष 2016 के बाद दैनिक वेतनभोगियों की नियुक्तियों को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। वहीं, दूसरी ओर अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन करने वाले एक युवक को अब तक रोजगार नहीं मिलने का मामला भी चर्चा में है। इस संबंध में वार्ड क्रमांक 11 निवासी अमित कुमार चौरसिया ने कलेक्टर मैहर को दो अलग-अलग आवेदन सौंपकर मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

 

आवेदक अमित चौरसिया के अनुसार, उनके पिता के स्थान पर अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इस संबंध में कलेक्टर द्वारा मौखिक रूप से नगरपालिका अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए नियुक्ति देने के निर्देश दिए जाने की बात भी आवेदन में कही गई है। इसके बावजूद आज तक उन्हें नियुक्ति नहीं मिल सकी है। आवेदक का आरोप है कि नगरपालिका के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा न तो कोई ठोस कार्रवाई की गई और न ही इस संबंध में उनसे संपर्क किया गया।

 

बिना भर्ती प्रक्रिया के कार्य कराने का आरोप

 

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि नगर पालिका परिषद मैहर की विभिन्न शाखाओं में कुछ लोगों से बिना निर्धारित भर्ती प्रक्रिया और लिखित नियुक्ति आदेश के शासकीय कार्य कराया जा रहा है। आवेदक ने कुछ नामों का उल्लेख करते हुए बताया है कि कपिल पाण्डेय एनयूएलएम शाखा, अभिषेक द्विवेदी मां शारदा मंदिर दर्शन व्यवस्था से संबंधित कार्य तथा शिशिर तिवारी रैन बसेरा में कार्यरत हैं। इसके अलावा अन्य लोगों के भी अलग-अलग शाखाओं में कार्य करने की बात कही गई है।

 

आवेदक ने सवाल उठाया है कि यदि इन लोगों की नियुक्तियां नियमानुसार हुई हैं तो इनके नियुक्ति आदेश और भर्ती प्रक्रिया का विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए। वहीं, यदि बिना सक्षम अधिकारी के लिखित आदेश के उनसे कार्य कराया जा रहा है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है?

 

2016 के बाद दैनिक वेतनभोगियों की नियुक्तियों पर भी सवाल

 

दूसरे आवेदन में अमित कुमार चौरसिया ने आरोप लगाया है कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2016 के बाद दैनिक वेतनभोगियों की भर्ती पर रोक लगाए जाने के बावजूद नगर पालिका परिषद मैहर में कई लोगों को भर्ती कर वेतन दिया जा रहा है और उनसे शासकीय कार्य कराया जा रहा है। आवेदक का कहना है कि यदि शासन के निर्देशों के विपरीत नियुक्तियां की गई हैं तो यह गंभीर जांच का विषय है। इस संबंध में पूर्व में भी आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई संतोषजनक निराकरण नहीं हुआ है।

 

कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

 

अमित कुमार चौरसिया ने कलेक्टर से मांग की है कि नगरपालिका की सभी शाखाओं में कार्यरत ऐसे लोगों की नियुक्ति प्रक्रिया, आदेश, पात्रता और भुगतान संबंधी अभिलेखों की जांच कराई जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि किन अधिकारियों के आदेश पर संबंधित लोगों से कार्य कराया जा रहा है। आवेदक ने अपनी अनुकंपा नियुक्ति के मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।

अब बड़ा सवाल यह है कि जब एक आवेदक अनुकंपा नियुक्ति के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, वहीं दूसरी ओर नगरपालिका की विभिन्न शाखाओं में कार्यरत लोगों की नियुक्तियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो आखिर इन मामलों की वास्तविक स्थिति क्या है? क्या नगरपालिका प्रबंधन नियुक्तियों से संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक कर स्थिति स्पष्ट करेगा? फिलहाल पूरे मामले में जिला प्रशासन की जांच और कार्रवाई का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *