रिपोर्ट रानू विश्वकर्मा
आप सभी के अपार आशीर्वाद, विश्वास, स्नेह एवं समर्थन से बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के चुनाव में ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित करते हुए मुझे निर्वाचित घोषित किया गया है।
लगभग 162 दिनों की सघन एवं विस्तृत मतगणना, जो उच्च न्यायालय के दो पूर्व न्यायमूर्तियों की देखरेख में संपन्न हो रही है, के दौरान प्राप्त यह विजय अनेक दृष्टियों से अभूतपूर्व, ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण है।
1. लखनऊ के चुनावी इतिहास में नया कीर्तिमान
स्वतंत्रता प्राप्ति से लेकर आज तक, लगभग 80 वर्षों के इतिहास में लखनऊ के किसी भी प्रत्याशी को बार अथवा बार काउंसिल के किसी चुनाव में इतने अधिक मत प्राप्त नहीं हुए। यह अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि एवं नया कीर्तिमान है।
2. सर्वस्पर्शी एवं सर्वव्यापी जनसमर्थन
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों—पूर्वांचल, पश्चिमांचल, अवध, रुहेलखंड एवं बुंदेलखंड सहित प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र से मुझे मत प्राप्त हुए।
इतना ही नहीं, अब तक विलोपित लगभग 281 प्रत्याशियों में से प्रत्येक के विलोपन में मुझे मत प्राप्त हुए। यह उपलब्धि दर्शाती है कि यह विजय किसी एक क्षेत्र, वर्ग अथवा जनपद तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण उत्तर प्रदेश के अधिवक्ता समाज के सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी एवं व्यापक विश्वास का प्रतीक है।
3. निर्धारित विजय कोटा प्राप्त कर सफलता
बार काउंसिल चुनाव में निर्धारित 7,088 मतों का विजय कोटा प्राप्त कर निर्वाचित होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस जटिल निर्वाचन प्रणाली में निर्धारित कोटा प्राप्त कर सफलता हासिल करना अपने आप में विशेष महत्व रखता है।
4. निकटतम प्रतिद्वंद्वी से ऐतिहासिक बढ़त
लखनऊ के निकटतम प्रत्याशी से 2,900 से अधिक मतों की बढ़त इस विजय को और भी महत्वपूर्ण बनाती है। यह अंतर अधिवक्ता समाज के व्यापक विश्वास एवं समर्थन को प्रदर्शित करता है।
5. संपूर्ण मतगणना से पूर्व ही ऐतिहासिक विजय
यह विजय ऐसे समय प्राप्त हुई है, जब निर्वाचन प्रक्रिया में अभी लगभग 51 प्रत्याशी शेष हैं तथा करीब एक लाख मतों की गणना बाकी है।
संपूर्ण मतगणना समाप्त होने से पूर्व ही निर्धारित विजय कोटा प्राप्त कर निर्वाचित होना अधिवक्ता समाज के अभूतपूर्व समर्थन का प्रमाण है।
6. निर्धारित कोटा प्राप्त होने के पश्चात भी मतगणना जारी
निर्धारित विजय कोटा प्राप्त होने के साथ मेरा निर्वाचन सुनिश्चित हो गया है, किंतु अन्य प्रत्याशियों के निर्वाचन हेतु मतगणना अभी जारी है।
निर्वाचन की लागू मतांतरण प्रक्रिया के अनुसार मेरे पक्ष में उपलब्ध अधिशेष एवं आगामी हस्तांतरणीय मतों का समायोजन अन्य पात्र प्रत्याशियों के पक्ष में किया जाएगा। यह निर्वाचन प्रक्रिया की एक महत्वपूर्ण विशेषता है।
7. यह विजय समस्त अधिवक्ता समाज की विजय है
यह विजय केवल मेरी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के समस्त अधिवक्ता समाज के विश्वास, एकता, सम्मान एवं सामूहिक शक्ति की विजय है।
प्रदेश के सभी 75 जनपदों के सम्मानित अधिवक्ता साथियों, वरिष्ठजनों, युवा अधिवक्ताओं, महिला अधिवक्ताओं एवं शुभचिंतकों के प्रति मैं हृदय की गहराइयों से कृतज्ञता व्यक्त करता हूँ।
मैं विश्वास दिलाता हूँ कि पूर्व की भाँति भविष्य में भी अधिवक्ताओं के सम्मान, सुरक्षा, कल्याण, अधिकारों के संरक्षण, न्यायिक व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण एवं अधिवक्ता समाज की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ कार्य करता रहूँगा।
यह विजय आपका विश्वास है, आपका आशीर्वाद है और आपकी शक्ति है।
आप सभी का पुनः हृदय से आभार एवं अभिनंदन!
सादर,
प्रशान्त सिंह अटल
वरिष्ठ अधिवक्ता
सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष, बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश
पूर्व मुख्य स्थायी अधिवक्ता, उत्तर प्रदेश सरकार
प्रदेश संयोजक, भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश विधि प्रकोष्ठ