ठंड लगने से अधेड़ की मौत की आशंका, सूचना के बाद भी समय पर नहीं पहुंचा लेखपाल

ब्यूरो रिपोर्ट मनीष द्विवेदी 

 

 

बारा कौशाम्बी कौशांबी थाना क्षेत्र बुधवार शाम आमाकुआं गांव में एक अधेड़ की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। स्वजन ने ठंड लगने से मौत होने की आशंका जताई है। घटना के बाद लेखपाल को सूचना दिए जाने के बावजूद समय पर मौके पर न पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।

आमाकुआं गांव निवासी कामता प्रसाद (50) घर के पास ही गुमटी में गुटखा, पान, नमकीन आदि की दुकान चलाते थे। बुधवार शाम करीब छह बजे वह दुकान पर बैठे थे, तभी अचानक उनकी हालत बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ते देख आसपास के लोग मौके पर जुट गए। आनन-फानन में स्वजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को वापस घर ले आया गया।

मृतक की पत्नी रेखा ने ठंड लगने से मौत होने की आशंका जताई है। बताया गया कि कामता प्रसाद के तीन बेटे रोजगार के सिलसिले में पुणे में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही तीनों बेटे घर के लिए रवाना हो गए हैं। उनके आने के बाद शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। फिलहाल शव का अंतिम संस्कार नहीं किया गया है।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिवपूजन यादव ने घटना की सूचना हल्का लेखपाल को दी थी, लेकिन दूसरे दिन तक भी लेखपाल के मौके पर न पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों मुकेश कुमार, मनराज, धर्मेंद्र केशरवानी, तीरथ निषाद (पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य), रोहित कुमार और मोहित यादव,विवेक त्रिपाठी ने बताया कि ठंड से बचाव के लिए कई बार अलाव जलवाने की मांग की गई, लेकिन कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। आरोप है कि जब ग्रामीण स्वयं आग जलाकर तापते हैं तो अधिकारी पक्ष के लोग फोटो खिंचवाकर केवल औपचारिकता निभाते हैं।

मामले की जानकारी होने पर कोसम खिराज क्षेत्र के लेखपाल काशी प्रसाद रात में मौके पर पहुंचे और परिजनों से बात कर जानकारी ली। लेखपाल ने बताया कि परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सूचना उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है, लेकिन बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हो सकती।