सदर ब्यूरो आनंद पाल
फतेहपुर जिले की महिला भाजपा नेत्री ने भू-माफियाओं पर प्रताड़ित करने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक फतेहपुर से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के अम्बेडकर नगर निवासी मालती पत्नी राजेश कोरी, जो कि भारतीय जनता पार्टी की मण्डल उपाध्यक्ष एवं नेशनल एंटी करप्शन ऑपरेशन कमेटी की तहसील बिंदकी की महिला विंग अध्यक्ष हैं, ने बताया कि बीते 25 अक्टूबर 2025 को वह अपनी पार्टी की कार्यकर्ताओं शांति देवी निवासी चिल्ली बाना जहानाबाद एवं पुनीता गौतम के साथ संजना देवी कोरी की भूमि विवाद संबंधी शिकायत लेकर थाना जहानाबाद गई थीं।
संजना देवी ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि उन्हें उनकी भूमि से बेदखल करने के लिए महेश चौरसिया (सभासद) पुत्र स्व. मदनलाल चौरसिया, शिवसागर सोनकर, शाहीन हसन पत्नी स्व. हकीम हसन तथा उनके पुत्र द्वारा धमकाया जा रहा है और जबरन जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है।
महिला नेत्री के अनुसार, जब कस्बा इंचार्ज नारद भारती ने महेश चौरसिया को फोन कर थाने बुलाने का प्रयास किया, तो उसी दौरान मोबाइल फोन पर ही महेश चौरसिया ने भाजपा नेत्री एवं कोरी समाज के लोगों को जातिसूचक शब्दों से संबोधित करते हुए अशोभनीय गालियां दीं, जिनमें “छिनार”, “धंधेवाली” जैसे शब्द भी शामिल थे।
प्रार्थिनी ने बताया कि उक्त बातें सुनकर उन्हें मानसिक ठेस पहुँची है और समाज में अपमानित होना पड़ा है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक फतेहपुर से प्रकरण में अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नेत्री ने चेतावनी दी है कि यदि न्याय नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अपनी पीड़ा बताने के लिए विवश होंगी।
