कौशाम्बी यूपी क्राइम रिपोर्ट कृष्ण जीत यादव
सदर कोतवाली क्षेत्र के शमसाबाद में स्थित बड़ौदा यूपी बैंक के मैनेजर अपने कर्मचारियों के साथ शहाबपुर गांव में केसीसी लोन का बकाया होने पर वसूली करने गए थे। आरोप है कि बकाएदारों ने हाथापाई की। इस पर वापस आना पड़ा। हालांकि पुलिस का कहना है कि कार्रवाई शुरू होते ही बकाएदारों ने माफी मांग ली और मामले में समझौता हो गया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के शमसाबाद में स्थित बड़ौदा यूपी बैंक में तैनात खुशीराम ने चौकी प्रभारी शमसाबाद को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि शहाबपुर गांव में महिला खातेदार का केसीसी खाता चल रहा था। लोन लेने के बाद किस्त नहीं जमा की जा रही थी। एक लाख 15 हजार रुपया का बकाया था। लगातार संदेश भेजा जा रहा था, लेकिन किस्त नहीं जमा की जा रही थी। इस पर बैंक मैनेजर खुशीराम, फील्ड आफिसर मानसी चौधरी और संदेशवाहक के साथ गांव गए। महिला के घर पहुंचे तो परिजनों ने विरोध करते हुए अभद्रता की। साथ ही हाथापाई की। वह किसी तरह वापस आए। मामले की तहरीर मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि बकाएदारों ने माफी मांग ली है। प्रकरण में समझौता भी हो चुका है। यदि बैंक मैनेजर कहेंगे कि कार्रवाई होनी है तो एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
