यूपी क्राइम रिपोर्ट कृष्ण जीत यादव
पंडित धीरेंद्रकृष्ण के भाई शालीग्राम गर्ग को गुरुवार को छतरपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर छतरपुर जिला न्यायालय में पेश किया गया है। अदालत मामले की सुनवाई कर रही है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद हैं। विस्तृत जानकारी का इंतजार है। मालूम हो कि बीते 11 फरवरी को बमीठा के गढ़ा गांव में एक दलित परिवार की बेटी की शादी थी। शादी में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भाई शालीगराम ने नशे के हालत में जमकर हंगामा किया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसमें वह हाथ में पिस्टल और मुंह में सिगरेट दबाए उत्पात मचाता नजर आया था।
छतरपुर पुलिस पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालीग्राम गर्ग को गिरफ्तार करने का भारी दबाव था। दलित संगठन शालीग्राम गर्ग को गिरफ्तार किए जाने की मांग को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। गांव का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया था। घटना के काफी दिन बाद तक गिरफ्तारी नहीं होने के कारण पुलिस को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था। विवाद के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी अपने भाई से पल्ला झाड़ लिया था। उन्होंने बयान जारी कर कहा था कि हर मामले में उनके नाम को घसीटे जाने की जरूरत नहीं है।