तेज रफ्तार लोडर ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल

सुल्तानपुर घोष/फतेहपुर

ब्लॉक ब्यूरो अशोक कुमार विश्वकर्मा 

हथगाम थाना क्षेत्र में फातिमा पब्लिक स्कूल के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित लोडर ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक लोडर लेकर मौके से फरार हो गया।

 

जानकारी के मुताबिक बता दें कि सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के बहलोल की सराय गांव निवासी मोहम्मद आबिद (20) पुत्र लियाकत अली और फहद अली (17) पुत्र वाहिद अली शुक्रवार सुबह मोटरसाइकिल की सर्विस कराने के लिए हथगाम जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों हथगाम थाना क्षेत्र के फातिमा पब्लिक स्कूल के समीप पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे लोडर ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

 

टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहम्मद आबिद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फहद अली गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक लोडर लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे।

 

हादसे की सूचना परिजनों और ग्रामीणों को मिली तो गांव में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घायल फहद अली को आनन-फानन इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हथगाम पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

 

वहीं, पुलिस ने मृतक मोहम्मद आबिद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार लोडर चालक की तलाश में जुटी है।

अशोक विश्वकर्मा

फतेहपुर उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *