डिजिटल हस्ताक्षर कूटरचित कर तैयार किए थे प्रमाण पत्र

रिपोर्ट सिन्टू विश्वकर्मा 

 

राशन कार्ड समेत सरकारी अभिलेखों में उपयोग की थी साजिश

 

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर सरकारी अभिलेखों के दुरुपयोग के मामले का खुलासा करते हुए नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के एक आउटसोर्स कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर फर्जी डिजिटल हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने और उसके माध्यम से राशन कार्ड व अन्य सरकारी दस्तावेजों में लाभ दिलाने का आरोप है।

 

पुलिस के अनुसार, नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के जन्म-मृत्यु प्रभारी रणविजय सिंह की तहरीर पर 12 जुलाई को थाना मुबारकपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि मोहम्मद सैफ के नाम से जारी जन्म प्रमाण पत्र नगर पालिका की ओर से जारी नहीं किया गया था, बल्कि कर्मचारी और अधिशासी अधिकारी के फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर लगाकर तैयार किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आया कि विदेश में रह रहे मोहम्मद नईम ने अपने पुत्र का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अपने भतीजे अब्दुल करीम के माध्यम से नगर पालिका के आउटसोर्स कर्मचारी खुर्शीद से संपर्क किया था। आरोप है कि खुर्शीद ने आवश्यक दस्तावेज और धनराशि लेकर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर दिया, जिसका उपयोग राशन कार्ड सहित अन्य सरकारी अभिलेखों में नाम दर्ज कराने के लिए किया जाना था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर मुबारकपुर रोडवेज तिराहे से खुर्शीद (37), निवासी पूरारानी, थाना मुबारकपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने पैसे के लालच में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *