मऊ के समस्त विकास खंडों में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन, विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी

 

जनपद मऊ मे केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद मऊ के समस्त विकास खंडों में समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत जनकल्याण शिविरों एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया। यह आयोजन 14, 15 एवं 16 जून तक संचालित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन भी प्राप्त किए जा रहे हैं।
आयोजित जनकल्याण शिविरों में पशुपालन विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना सहित अन्य संबंधित विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आमजन को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा योजनाओं से लाभान्वित होने हेतु आवेदन प्रक्रिया भी समझाई गई।
स्वास्थ्य मेलों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत “कुष्ठ के विरुद्ध आखिरी युद्ध” अभियान के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा बदलते मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने, स्वच्छता बनाए रखने तथा संक्रामक रोगों की रोकथाम के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
जनपद के समस्त विकास खंडों में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सक, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। शिविरों में आए लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (शुगर), कैंसर स्क्रीनिंग, ब्रेस्ट कैंसर जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए तथा आवश्यकतानुसार मरीजों को निःशुल्क परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
जनपद प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे 15 एवं 16 जून को आयोजित होने वाले जनकल्याण शिविरों एवं स्वास्थ्य मेलों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *