अखिलेश यादव ने योगी की पुलिस को घेरा, कहा हथेली गरम,पुलिस नरम

ब्रेकिंग फतेहपुर

रिपोर्ट आनन्द सिंह 

एंकर- फतेहपुर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को जनपद के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ता और अरबपति भू-स्वामी जयराज मानसिंह के परिजनों से भेंट की और विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी को आड़े हाथों लिया।
हथेली गरम, पुलिस नरमः भ्रष्टाचार और लचर सुरक्षा पर प्रहार- प्रदेश की वर्तमान कानून-व्यवस्था पर प्रहार करते हुए अखिलेश यादव ने हथेली गरम, पुलिस नरम का जुमला उछालकर सरकार की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुँच चुका है। जब तक ऊपरी स्तर पर हथेली गरम होती रहती है, तब तक पुलिस अपराधियों के विरुद्ध नरम बनी रहती है और आम जनता न्याय के लिए भटकती रहती है। उन्होंने फतेहपुर के संदर्भ में कहा कि यहाँ पुलिस अपराधियों को पकड़ने के बजाय पीड़ितों को ही प्रताड़ित करने में लगी है। जयराज हत्याकांड से लेकर पत्रकारों की हत्या आदि तक, पुलिस की यह नरमी ही अपराधियों के हौसले बुलंद कर रही है। लगभग एक माह पूर्व जयराज मानसिंह की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य हत्याकांड ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि इस हत्याकांड में सत्ता पक्ष के लोगों का संरक्षण शामिल है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाबा के राज में पुलिस पूरी तरह निष्क्रिय है और अपराधी बेलगाम हैं। उन्होंने घोषणा की कि सपा सरकार आने पर इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराकर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

धार्मिक अस्मिता और सनातनी पहचान पर हमलाः धार्मिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए अखिलेश यादव ने बीजेपी को मुस्लिम विरोधी बताते हुए ध्रुवीकरण की राजनीति करने का दोषी ठहराया। उन्होंने शंकराचार्य के अपमान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि संगम की पावन धरती पर पहली बार किसी शंकराचार्य को उनके धार्मिक कर्तव्यों से रोका गया, जो पूरे समाज का अपमान है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिनके पास स्वयं योगी होने का कोई प्रमाण नहीं है, वे असली शंकराचार्य से प्रमाणपत्र मांग रहे हैं। केवल भगवा वस्त्र धारण करने या कान छिदवाने से कोई योगी नहीं हो जाता। उन्होंने डिप्टी सीएम के पदों को शक्तिहीन बताते हुए उन्हें मात्र मिठाई खाने वाला मंत्री करार दिया, किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज खाद की बोरियों से खुलेआम चोरी हो रही है और खाद की भारी किल्लत है। सरकार की आर्थिक नीतियों पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि विदेशी बाजार भारत के लिए खोल दिए गए हैं। अब पशुओं का चारा और खाद्य तेल भी अमेरिका से आएगा, जिससे भारतीय किसान भुखमरी की कगार पर पहुँच जाएगा। उन्होंने डिजिटल सुरक्षा के प्रति आगाह करते हुए एप्स्टीन फाइल का उदाहरण दिया और भविष्य में व्हाट्सएप व फेसबुक फाइल्स लीक होने की आशंका जताई। उन्होंने बिजली की बढ़ती दरों और भ्रष्टाचार को सरकार की सबसे बड़ी विफलता बताया। स्वास्थ्य व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि गोरखपुर में 19 लोगों की आंखों की रोशनी जाना सरकार की संवेदनहीनता का प्रमाण है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से जानबूझकर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, जो लोकतंत्र की हत्या है।

बाइट- अखिलेश यादव, सपा, राष्ट्रीय अध्यक्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *