प्रधान संपादक साहिल त्रिपाठी
कौशाम्बी
जनपद के सिराथू तहसील अंतर्गत जलाल पुर में सामाजिक सरोकारों को समर्पित संस्था ‘सृजन सेवा कल्याण संस्थान’ द्वारा एक विशाल नि:शुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव और आर्थिक तंगी के कारण अक्सर लोग आंखों की समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं। इसी समस्या के निवारण हेतु संस्थान द्वारा आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य मोतियाबिंद से पीड़ित असहाय मरीजों की पहचान कर उनका नि:शुल्क उपचार सुनिश्चित करना था।
शिविर में अनुभवी नेत्र चिकित्सकों की टीम द्वारा मरीजों का गहन परीक्षण किया गया। जांच के दौरान सैकड़ों ग्रामीणों की दृष्टि क्षमता जांची गई।
मोतियाबिंद से ग्रसित मरीजों का चयन किया गया जिन्हें संस्थान द्वारा नि:शुल्क ऑपरेशन की सुविधा प्रदान की जाएगी।
जरूरतमंदों को दवाइयां और चश्मे भी वितरित किए गए। सुबह से ही जलालपुर टेंगाई और आसपास के गांवों से बुजुर्गों और महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों ने संस्थान के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि घर के पास ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह मिलना उनके लिए बड़े राहत की बात है।
संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा की हमारा लक्ष्य है कि धन के अभाव में कोई भी व्यक्ति अंधेरे में रहने को मजबूर न हो। सृजन सेवा कल्याण संस्थान भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करता रहेगा।इस अवसर पर सृजन सेवा कल्याण संस्थान के सभी प्रमुख पदाधिकारी, ग्राम प्रधान, स्थानीय समाजसेवी और भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन में स्थानीय युवाओं का भी विशेष सहयोग रहा।
