धनराज कुमार सिराथू रिपोटर
कौशाम्बी नगर पालिका परिषद भरवारी क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत आवास दिलाने के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि योजना का लाभ दिलाने के लिए कुछ दलाल लाभार्थियों से 10 हजार से 25 हजार रुपये तक की मांग कर वसूल रहे हैं।
बताया जा रहा है कि अधिशासी अधिकारी एवं नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा स्पष्ट रूप से किसी भी प्रकार की धनराशि न देने और योजना पूर्णतः निःशुल्क होने की जानकारी देने के बावजूद मजरा और मोहल्लों में दलाल सक्रिय हैं। ये लोग भोले-भाले जरूरतमंदों को गुमराह कर आवास स्वीकृति का झांसा देकर पैसे वसूलने की कोशिश कर रहे हैं।
नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रता सूची शासन के मानकों के अनुसार तैयार की जाती है और इसमें किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी दलाल या व्यक्ति को पैसा न दें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत नगर पालिका कार्यालय या संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
