आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की दबंगई,
3 महीने से पोषाहार न मिलने पर ग्रामीणों का भारी
हंगामा
कौशाम्बी: जनपद के सिराथू तहसील व ब्लॉक अंतर्गत मोहम्मदपुर वारी (जेहितपुर) गांव में सरकारी योजनाओं को पलीता लगाया जा रहा है। यहाँ तैनात आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की मनमानी और भ्रष्टाचार से त्रस्त होकर दर्जनों ग्रामीणों ने बुधवार को जमकर विरोध-प्रदर्शन और हंगामा किया।
ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुनीता देवी और सहायिका कुसमा देवी द्वारा पिछले तीन महीनों से बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मिलने वाला सरकारी पोषाहार वितरित नहीं किया गया है। जब पात्र ग्रामीण अपने हक का राशन मांगने जाते हैं, तो उन्हें राशन देने के बजाय अपमानित कर भगा दिया जाता है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि कार्यकत्री और सहायिका का रवैया बेहद अड़ियल और धमकी भरा है। ग्रामीणों के अनुसार, पूछने पर वे खुलेआम चुनौती देती हैं कि— “जहाँ जाना है जाओ, चाहे जो कर लो, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।”
सरकारी कर्मचारियों की इस तरह की दबंगई से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर भ्रष्ट कार्यकत्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि नौनिहालों और महिलाओं के हक का निवाला उन्हें मिल सके। अब देखना यह है कि बाल विकास विभाग के उच्च अधिकारी इस मामले पर क्या संज्ञान लेते हैं।
*रिपोर्ट रामरतन (राजा भैया)*
