ब्यूरो रिपोर्ट संजीव राय
जनपद-मऊ के मुहमदाबाद गोहाना तहसील परिसर में जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने की मांग को लेकर चल रहा गोंड जाति का धरना रविवार को जिलाधिकारी प्रवीण कुमार मिश्रा से वार्ता के बाद सीआरओ व पुलिस अधीक्षक इलामरन जी के मौजूदगी में 26 जनवरी तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन और धरनारत लोगों के बीच रविवार को हुई बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया।
गौरतलब है कि जाति प्रमाण पत्र जारी न होने से नाराज गोंड जाति के लोगों और छात्राओं ने सबसे पहले 2 जनवरी से 6 जनवरी तक तहसील परिसर में धरना दिया था। इसके बाद सुभासपा के पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर के आश्वासन पर धरना 12 जनवरी तक स्थगित कर दिया गया था। हालांकि आश्वासन के बावजूद जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने पर 13 जनवरी से सैकड़ों की संख्या में छात्राओं सहित समाज के लोग पुनः धरने पर बैठ गए थे।
धरनारत लोगों का कहना है कि जाति प्रमाण पत्र के अभाव में छात्रों को शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश, छात्रवृत्ति और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस कारण उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। लगातार मांग के बावजूद समाधान न होने से लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
रविवार को जिलाधिकारी प्रवीण कुमार मिश्रा ने धरनास्थल पर पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की। बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने मामले के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया, साथ ही देवरीया के शासनादेश का हवाला दिया ।जिसके बाद धरना 26 जनवरी तक स्थगित करने पर सहमति बनी।
इस दौरान धरने पर बैठी छात्राओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 26 जनवरी तक उनकी मांग पूरी नहीं होती और जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाते हैं, तो 27 जनवरी से वे पुनः धरना शुरू करेंगी। छात्राओं ने कहा कि जब तक जाति प्रमाण पत्र नहीं बन जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
