ब्यूरो रिपोर्ट मनीष द्विवेदी
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के करारी कस्बे में राष्ट्रीय लोकदल के पार्टी कार्यालय में आज एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का आह्वान किया गया।
राष्ट्रीय लोकदल के करारी स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान दर्जनों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर राष्ट्रीय लोकदल के साथ जुड़ने का संकल्प लिया।
पार्टी के प्रदेश महासचिव इमरान हैदर रिज़वी ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह की नीतियों और विचारों को जनता तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पार्टी का लक्ष्य 10 हजार नए सदस्य बनाने का है और इसके लिए अभियान तेज किया जा रहा है।
इमरान हैदर रिज़वी ने यह भी घोषणा की कि अब हर माह पार्टी कार्यालय में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है और संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका है।
जिला अध्यक्ष नजमुल हसन ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं के ऊपर किसी भी तरह का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी मेहनत और निष्ठा के साथ पार्टी के लिए काम करने की अपील की।
वहीं प्रयागराज मंडल अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह यादव ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल हमेशा से किसानों, मजलूमों और दबे-कुचले वर्ग की आवाज रहा है। उन्होंने चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजीत सिंह को किसानों का मसीहा बताते हुए कहा कि उनकी सोच और संघर्ष को आगे बढ़ाना ही असली श्रद्धांजलि है।
बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं ने सदस्यता अभियान को तेज करने और पार्टी की नीतियों को घर-घर पहुंचाने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय लोकदल का यह सदस्यता अभियान आने वाले महीनों में पूरे जिले में चलाया जाएगा, जिसमें हर गांव और हर बूथ तक पहुंचने की रणनीति बनाई गई है।
कार्यक्रम के दौरान किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रेहान खान, जमाल अंसारी, नौशाद उल हक,अनिल दुबे, हरिश्चंद्र मौर्य, अशरफ आजाद, मोहम्मद फहीम। कादरी, धर्मेंद्र कुमार सरोज, अरशद अली, पूर्व सभासद जीशान हैदर उर्फ पप्पू, पूर्व सभासद असगर मदनी, पूर्व प्रधान दादूराम लोधी, पूर्व प्रधान अतर, मोहम्मद हाशिफ, सिदलाल रमन, लाल सिंह, रामकृपाल रोहिदास, अब्दुल कवि, अवधेश लोध और फूलकली आदि लोग उपस्थित रहे।