ब्यूरो रिपोर्ट रजनीकांत विश्वकर्मा
प्रयागराज । गंगानगर शादी समारोह के लिए लगे टेंट को विदाई के बाद खोलते समय ऊपर से गुजरे हाई टेंशन करंट की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। एक किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बृहस्पतिवार को फूलपुर में हुए इस दर्दनाक हादसे से कोहराम मच गया है।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के गगौर गांव निवासी विजय पटेल के यहां बुधवार को बारात आई थी। बृहस्पतिवार को बेटी की विदाई होने के बाद जनवासे में लगे टेंट खोले जा रहे थे। तेज हवा के झोंके से लोहे की सीढ़ी असंतुलित होकर पास से गुजरे हाईटेंशन तार से छू गई। सीढ़ी पड़कर नीचे खड़े फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मजदूर सूरज (20) पुत्र राकेश और फूलचंद (30) पुत्र गाते निवासी सावडीह गुलहरिया थाना फूलपुर की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
टेंट खोलने के लिए ऊपर चढ़े किशोर करण वर्मा (16) पुत्र नागेंद्र करंट लगने पर छिटक कर दूर जा गिरा। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना पर फूलपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर ले जाया गया। हालत गंभीर होते देख डॉक्टरों ने तत्काल उसे स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे का शिकार हुए दोनों मृतकों के शव को पंचनामा के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रोटी के लिए जीवन हारे, परिवार के थे सहारे
हाई टेंशन करंट की चपेट में आने से मृतक दोनों युवकों की कमाई से ही पूरे परिवार का खर्च और दो जून की रोटी चलती थी। दोनों मजदूरों की मौत के बाद अब उनका परिवार किसके सहारे जीवन यापन करेगा। बस यही बात कहकर मृतक युवकों की पत्नी, उनकी मां और परिवार के सभी सदस्य बिलख रहे थे। फूलपुर के गुलहरिया सावडीह गांव के मृतक फूलचंद्र (30) पुत्र गाटे के जिम्मे उनकी पांच वर्ष की बेटी सोनाक्षी, पत्नी सुनीता और परिवार के सभी सदस्यों के भरण पोषण का जिम्मा था। उनकी मौत के बाद अब परिवार की जिम्मेदारी निभाने वाला कोई नहीं है। इसी गांव के रहने वाले दूसरे मृतक सूरज 20 पुत्र राकेश को एक बेटा रोहित (6) वर्ष है। पत्नी गुड्डी देवी व माता-पिता सहित परिवार के छह सदस्यों के भरण पोषण की जिम्मेदारी निभाने वाले सूरज की मौत से परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का कहना है अब उनका जीवन किसके सहारे चलेगा।
जीवन और मौत से जूझ रहा करंट से झुलसा किशोर
गगौर गांव में हाई टेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से जहां दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई वहीं हादसे में गंभीर रूप से झुलसा किशोर करन वर्मा (16) पुत्र नागेंद्र वर्मा निवासी गुलहरिया सांवडीह स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में इलाज के दौरान जीवन और मौत से जूझ रहा है। यह नाबालिक किशोर टेंट खोलने के लिए ऊपर चढ़ा था। करंट लगते ही छिटक कर दूर जा गिरा। जिससे उसकी जान तो बच गई, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।